अब घर बैठे होगी जनगणना, उत्तराखंड में डिजिटल प्रक्रिया शुरू
देहरादून। उत्तराखंड में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। इस बार जनगणना की प्रक्रिया को डिजिटल स्वरूप दिया गया है, जिसके तहत प्रदेशवासियों को अपने और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा मिलेगी। सोमवार को राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने लोक भवन में डिजिटल स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के माध्यम से इस चरण का शुभारंभ किया। इसके साथ ही प्रदेशभर में जनगणना के दूसरे चरण की गतिविधियां शुरू हो गई हैं।
जनगणना निदेशालय की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उत्तराखंड में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में लोग आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार से संबंधित विवरण स्वयं ऑनलाइन भर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मी घर-घर पहुंचकर गणना का काम करेंगे।
इस व्यवस्था का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया में आम लोगों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करना और आंकड़ों के संकलन को अधिक व्यवस्थित बनाना है। डिजिटल माध्यम से जानकारी दर्ज करने के बाद जब प्रगणक संबंधित परिवार के घर पहुंचेंगे, तब उपलब्ध विवरण का सत्यापन किया जाएगा।
विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण होंगे जनगणना के आंकड़े
स्व-गणना प्रक्रिया की शुरुआत करते हुए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि जनगणना किसी भी देश और राज्य की विकास योजनाओं तथा नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होती है। यह केवल जनसंख्या की गिनती तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की आवश्यकताओं को समझने, संसाधनों का उचित वितरण सुनिश्चित करने और जनकल्याणकारी योजनाओं की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से जनगणना के दौरान सही और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आगे आकर अपने परिवार के सदस्यों को स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करने में मदद करने का आह्वान किया।
प्रगणकों को भी दिए गए जरूरी निर्देश
राज्यपाल ने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और प्रगणकों को पूरी गंभीरता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार से संबंधित जानकारियों को सावधानीपूर्वक दर्ज किया जाना चाहिए, ताकि जनगणना के आंकड़े विश्वसनीय और सटीक हों।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी इस अभियान की सफलता के लिए जरूरी है। राज्यपाल ने उम्मीद जताई कि उत्तराखंड के जागरूक नागरिक शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित कर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में योगदान देंगे। इससे समावेशी विकास और विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर उत्तराखंड जनगणना संचालन निदेशालय की निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक शैलेंद्र सिंह नेगी, उप निदेशक प्रवीण कुमार और वरिष्ठ उप निदेशक आरके बनवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

