uttar bharat liveराजनीतिराष्ट्रीय

गांधी परिवार पर सोशल मीडिया पोस्ट से विवाद, कंगना रनौत के खिलाफ शिमला में FIR दर्ज

भाजपा सांसद कंगना रनौत की गांधी परिवार को लेकर की गई सोशल मीडिया पोस्ट विवादों में आ गई हैं। इस मामले में शिमला पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की तीन धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामला बालूगंज थाने में दर्ज किया गया है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और सोशल मीडिया सामग्री की जांच कर रही है।

शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, कंगना रनौत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 353 और 356 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

12 नवंबर को पुलिस को भेजी गई थी शिकायत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिमला निवासी कैप्टन अतुल शर्मा ने 12 नवंबर को पुलिस महानिदेशक को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी थी। शिकायत की प्रतियां सीआईडी और साइबर क्राइम विंग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई थीं।

शिकायत में कंगना रनौत के सत्यापित एक्स अकाउंट से 10 नवंबर को साझा की गई पोस्टों पर आपत्ति जताई गई थी। इन पोस्टों के साथ गांधी परिवार का एक पुराना वीडियो भी साझा किया गया था।

ये भी पढ़ें-गोविंदा संग कोमल रानी का रोमांटिक अंदाज, तस्वीरें वायरल

इंदिरा, संजय और राजीव गांधी की मौतों को लेकर टिप्पणी पर आपत्ति

शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों के मुताबिक, सोशल मीडिया पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मौतों को सोनिया गांधी के राजनीतिक उदय से जोड़ते हुए टिप्पणियां की गई थीं।

इसके अलावा सोनिया गांधी को कथित तौर पर ‘रहस्यमयी विदेशी’ बताने वाली टिप्पणी पर भी शिकायत में आपत्ति जताई गई थी।

शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि इस तरह की पोस्ट से विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैल सकता है और सामाजिक सद्भाव प्रभावित हो सकता है।

डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग

कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत में मामले की निष्पक्ष जांच करने और सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग की गई है। इनमें पोस्ट का मेटाडाटा, मूल वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड शामिल हैं।

फिलहाल कंगना रनौत की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और सोशल मीडिया पर साझा की गई सामग्री की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें-आदि केदारेश्वर-शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद, 16 को बंद होंगे बदरीनाथ धाम के द्वार

One thought on “गांधी परिवार पर सोशल मीडिया पोस्ट से विवाद, कंगना रनौत के खिलाफ शिमला में FIR दर्ज”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *