uttar bharat liveउत्तराखंड

गंगोत्री हाईवे पर नदी में गिरी इनोवा, चार की मौत, कई लापता होने की आशंका

उत्तरकाशी जिले में गंगनानी के पास गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई और सीधे नदी में समा गई। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। चारों के शव नदी किनारे से बरामद किए गए हैं। वहीं, वाहन में सवार अन्य लोगों के भी नदी में लापता होने की आशंका है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव दल ने नदी किनारे और आसपास के इलाकों में तलाश अभियान शुरू किया। सर्च ऑपरेशन के दौरान चार लोगों के शव बरामद हुए, जिन्हें नदी से बाहर निकाला गया।

गुजरात के बताए जा रहे वाहन सवार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त इनोवा में सवार यात्री गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि, वाहन में कुल कितने लोग मौजूद थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसी वजह से हादसे में लापता लोगों की वास्तविक संख्या भी स्पष्ट नहीं हो पाई है। अन्य यात्रियों के नदी में बहने की आशंका को देखते हुए पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं।

तेज बहाव और दुर्गम रास्ता बना चुनौती

हादसे का स्थान दुर्गम क्षेत्र में होने के साथ ही नदी का बहाव भी काफी तेज है। ऐसे में राहत एवं बचाव दल को सर्च ऑपरेशन के दौरान मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। टीमें नदी के किनारों और आसपास के संभावित स्थानों पर लगातार तलाशी ले रही हैं।

आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं के मुताबिक, गंगनानी के पास इनोवा कार के नदी में गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और आपातकालीन सेवाओं को मौके पर भेजा गया। अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं। वाहन में अन्य लोगों के भी सवार होने की आशंका को देखते हुए सर्च अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही मृतकों और लापता लोगों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसमें सवार यात्रियों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। रेस्क्यू अभियान जारी है और इसके पूरा होने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *