uttar bharat liveउत्तराखंडक्राइमशिक्षा

गुरुकुल कांगड़ी में बवाल, कुलसचिव की पिटाई से हड़कंप

कुलपति कार्यालय के बाहर हुई घटना, कुलसचिव को जमीन पर गिराकर पीटने का आरोप; 15 दिन से चल रहा कर्मचारियों का आंदोलन समझौते के बाद हुआ था समाप्त

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में शनिवार, 31 अक्टूबर की सुबह उस समय हंगामा हो गया, जब कुलपति कार्यालय के बाहर कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट का मामला सामने आया। आरोप है कि कुछ कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मामले की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा मौके पर पहुंचीं। इसके बाद वह घायल कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार को लेकर कनखल कोतवाली पहुंचीं। फिलहाल कुलसचिव का मेडिकल कराया जा रहा है। वहीं, कर्मचारी यूनियन से जुड़े लोग भी मेडिकल कराने के लिए पहुंचे हैं।

समझौते के बाद फिर कैसे बढ़ा विवाद?

गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में पिछले कई दिनों से कर्मचारियों का आंदोलन चल रहा था। सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। बाद में शिक्षेत्तर कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारी भी इस आंदोलन में शामिल हो गए। इस तरह विश्वविद्यालय में कर्मचारियों का आंदोलन करीब 15 दिनों तक चला।

बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार रात आपसी समझौते के बाद आंदोलन समाप्त हो गया था। हालांकि, शनिवार सुबह एक बार फिर कर्मचारियों और कुलसचिव के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया और कुलसचिव के साथ मारपीट की घटना सामने आई।

कुलपति बोलीं- सीसीटीवी कैमरों की होगी जांच

घटना को लेकर कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने बताया कि कुछ कर्मचारियों ने मारपीट की है, लेकिन वह स्वयं घटनास्थल पर मौजूद नहीं थीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाएगी। फिलहाल घायल कुलसचिव को मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना के बाद मामला कनखल कोतवाली पहुंच गया है। कनखल कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलसचिव को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है।

पुलिस के मुताबिक, मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। पूछताछ के बाद इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *