uttar bharat liveउत्तराखंडराष्ट्रीय

उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न! बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनी का पालन करने की अपील की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में चक्रवात अर्नब का असर भी देखने को मिल सकता है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है। 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने इन परिस्थितियों को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की भी आशंका जताई गई है। इन जिलों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

कई जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार

पूर्वानुमान के अनुसार, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चम्पावत जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। प्रदेश के शेष जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी की संभावना है।

इसके अलावा, प्रदेश के अन्य जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा और कहीं-कहीं 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

देहरादून में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी देहरादून में शुक्रवार को आसमान में आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, देहरादून में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा नहीं करने की अपील की है। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

इसके साथ ही काश्तकारों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने को कहा गया है। बीते रोज प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के बाद ठंड में इजाफा हुआ है। ऐसे में मौसम के बदले मिजाज के बीच पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *