उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: 5 की मौत, एक गंभीर घायल
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले से शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर सबदरखाल के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक 16 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। वहीं, एक अन्य व्यक्ति अभी लापता है। हादसा शुक्रवार, 7 अगस्त की सुबह करीब 11:30 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, कार देवप्रयाग से पौड़ी की ओर आ रही थी। इसी दौरान सबदरखाल के पास अचानक वाहन बेकाबू हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई। एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने खाई में उतरकर कार सवार लोगों को बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया। हालांकि, हादसा इतना भीषण था कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल मिला।
घायल को पुलिस की ओर से पहले बागी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद घायल को श्रीनगर अस्पताल भेजा गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें आसपास के क्षेत्र में लगातार सर्च अभियान चला रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कार में सवार कोई अन्य व्यक्ति तो हादसे के बाद आसपास नहीं रह गया।
पौड़ी पुलिस के अनुसार, वाहन में कुल सात लोग सवार थे। इनमें 16 वर्षीय अरम घायल है। पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता है। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग हरिद्वार जिले के लक्सर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। ये लोग पौड़ी में कुछ काम से आ रहे थे।
पौड़ी के एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि आज सुबह करीब 11:30 बजे 112 के माध्यम से थाना देवप्रयाग को पौड़ी मार्ग पर वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति घायल है, जिसे श्रीनगर अस्पताल भेजा गया है।
हादसे में मृतकों की पहचान अफजाल पुत्र अकबर सूफी, उम्र 49 वर्ष, गुफरान पुत्र अकबर, उम्र 34 वर्ष, सब्बू पत्नी अफजाल, उम्र 40 वर्ष, अनामिया पुत्री अफजाल, उम्र 3 वर्ष और शादाब पुत्र अफजाल, उम्र 14 वर्ष के रूप में हुई है।
वहीं, दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति अभी भी लापता है। एसडीआरएफ टीम निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर लापता व्यक्ति की तलाश में सघन सर्च और रेस्क्यू अभियान चला रही है। फिलहाल हादसा किस वजह से हुआ, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
