उत्तराखंड

VIP फ्लीट पर हंगामा: कार को नुकसान, स्कूटी सवार गिरा, लोगों ने पीछा कर रोका वाहन

टिहरी में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के दौरे के दौरान सरकारी फ्लीट के एक वाहन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि फ्लीट में शामिल एक वाहन तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाया जा रहा था, जिसके चलते एक कार को नुकसान पहुंचा और एक स्कूटी सवार सड़क किनारे गिर पड़ा। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने संबंधित वाहन का पीछा कर उसे साईं चौक के पास रोक लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार सुबह देहरादून से आई पुलिस फ्लीट का एक वाहन बौराड़ी क्षेत्र से गुजर रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहन चालक यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए तेज गति से वाहन चला रहा था, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय निवासी प्रवीन सिंह ने दावा किया कि उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे लगा दी थी, लेकिन इसके बावजूद फ्लीट वाहन उनकी कार के बेहद करीब से गुजरा और वाहन को नुकसान पहुंचा गया। वहीं राकेश प्रसाद उनियाल ने आरोप लगाया कि तेज रफ्तार वाहन से बचने की कोशिश में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे गिर पड़े। हालांकि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग एकत्र हो गए और संबंधित वाहन का पीछा करते हुए उसे साईं चौक के पास रोक लिया। मौके पर कुछ देर तक बहस और हंगामे की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया।

इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने वाहन चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने का भी आरोप लगाया। हालांकि पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लोगों ने चालक का मेडिकल परीक्षण कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। यदि जांच में चालक की लापरवाही या अन्य आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद VIP मूवमेंट के दौरान सड़क सुरक्षा और सरकारी फ्लीट वाहनों के संचालन को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वीआईपी दौरे के दौरान भी आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और यातायात नियमों का पालन सभी के लिए समान रूप से जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *