उत्तराखंड

उत्तराखंड पुलिस के रमेश चंद गैरोला ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव, राष्ट्रपति उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित

देहरादून/अल्मोड़ा। उत्तराखंड पुलिस में तैनात रिजर्व इंस्पेक्टर (RI) रमेश चंद गैरोला ने अपनी उत्कृष्ट सेवाओं से एक बार फिर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। उन्हें वर्ष 2025 के “President’s Award for Meritorious Service” (राष्ट्रपति उत्कृष्ट सेवा पदक) से सम्मानित किया गया है।

 

यह सम्मान 28 मई को नई दिल्ली स्थित एसपीजी कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के हाथों प्रदान किया गया। यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि प्रधानमंत्री से सम्मान प्राप्त करने का यह उनका दूसरा अवसर है।

 

इससे पूर्व वर्ष 2023 में रमेश चंद गैरोला को एसपीजी में उत्कृष्ट कार्य के लिए “बेस्ट टेक्निकल ऑफिसर” पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त कर उन्होंने न केवल उत्तराखंड पुलिस बल्कि पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।

 

वर्तमान में अल्मोड़ा में RI के पद पर तैनात रमेश चंद गैरोला अपनी कर्तव्यनिष्ठा, तकनीकी दक्षता और अनुशासित कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उनकी इस उपलब्धि पर उत्तराखंड पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।

 

सम्मान प्राप्त करने के बाद गैरोला ने इस उपलब्धि का श्रेय ईश्वर की कृपा, वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और सहयोगियों के समर्थन को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए और अधिक समर्पण एवं निष्ठा के साथ देश सेवा करने की प्रेरणा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *