उत्तराखंड के गौरव भगत सिंह कोश्यारी को पद्मभूषण, 25 मई को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
देहरादून | उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को 25 मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा पद्मभूषण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। भारत सरकार के PIB देहरादून द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई।
‘भगत दा’ के नाम से लोकप्रिय भगत सिंह कोश्यारी लंबे समय से शिक्षा, समाज सेवा और राजनीति के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1966 में पिथौरागढ़ में सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना कर दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा को मजबूत करने का कार्य किया।
उत्तराखंड राज्य गठन के बाद वे राज्य के पहले मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री बने और बाद में मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाली। वे राज्यसभा सांसद, लोकसभा सांसद और महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
शिक्षा, सामाजिक उत्थान और राष्ट्र सेवा में उनके योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान ‘पद्मभूषण’ से सम्मानित करने का निर्णय लिया है।
