उत्तराखंड

शादी से लौट रही नाबालिग से गैंगरेप, हाथ-पांव बांधकर कमरे में छोड़ा

​चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक दोस्त की शादी में शामिल होने गई 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म का शिकार बनाया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को एक सुनसान कमरे में हाथ-पांव बांधकर मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गए।

​किडनैपिंग और दरिंदगी की पूरी घटना
​जानकारी के अनुसार, घटना सल्ली क्षेत्र की है। मंगलवार को नाबालिग एक शादी समारोह में गई थी। घर लौटते समय आरोपियों ने पहले उसका विश्वास जीता और फिर सुनसान रास्ता मिलते ही धारदार हथियार के बल पर उसे बंधक बना लिया। आरोपी उसे एक एकांत कमरे में ले गए, जहाँ पूरी रात उसके साथ मारपीट की गई और बारी-बारी से गलत काम किया गया।

​रात 1:28 बजे आया पीड़िता का कॉल
​जब लड़की देर तक घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब 1:28 बजे पीड़िता के मोबाइल से परिजनों को एक कॉल आया, लेकिन तुरंत बाद फोन बंद हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने तलाशी अभियान तेज किया। बुधवार तड़के करीब 4 बजे पीड़िता एक कमरे में रस्सियों से बंधी हुई मिली।

​ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, कोतवाली घेरी
​घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चंपावत कोतवाली का घेराव किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी हुई। ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। तनाव को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

​पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
​कोतवाल बीएस बिष्ट ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जिम्मेदारी एक महिला उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। फिलहाल नाबालिग का जिला चिकित्सालय में मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है।

​कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री, डीजीपी और जिला प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे किसी भी राजनीतिक रसूख वाले क्यों न हों, उन्हें बख्शा नहीं जाना चाहिए और पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिलना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *