उत्तराखंड

धर्मांतरण प्रकरण में बड़ी कार्रवाई: मुख्य आरोपी मोहम्मद यूनुस गिरफ्तार

नैनीताल। जनपद नैनीताल में चर्चित भीमताल धर्मांतरण प्रकरण में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नैनीताल पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद यूनुस उर्फ AMDY को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

मामले में थाना मल्लीताल में मुकदमा अपराध संख्या 0017/2026 दिनांक 29 अप्रैल 2026 को पंजीकृत किया गया था। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2018 की धारा 3/5 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115, 319 और 69 के तहत केस दर्ज किया गया है।

पहचान छिपाकर महिलाओं से संपर्क का आरोप

वादी द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि आरोपी मोहम्मद यूनुस उर्फ AMDY निवासी कुँआताल, भीमताल, अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर अलग-अलग नामों से महिलाओं से संपर्क करता था। वह फोटोग्राफी, वीडियो शूट, ट्रेकिंग और म्यूजिक सेशन जैसी गतिविधियों के माध्यम से पहले विश्वास कायम करता और फिर महिलाओं को अपने प्रभाव में लेता था।

शिकायत में यह भी आरोप है कि वर्ष 2020 में संपर्क स्थापित करने के बाद आरोपी ने वादी से कैमरा, लेंस, मोबाइल सहित विभिन्न उपकरणों पर करीब 17 लाख रुपये खर्च कराए। बाद में विवाह का झांसा देकर धार्मिक पहचान छिपाई गई और धीरे-धीरे धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया।

अन्य पीड़िताओं की शिकायतों से मामला हुआ गंभीर

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान अन्य पीड़िताओं द्वारा भी इसी प्रकार के शोषण और जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास की शिकायतें सामने आईं, जिसके बाद मामले की गंभीरता बढ़ गई।

हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए न्यायालय के आदेश पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विशेष टीम गठित की। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट की शरण ली, लेकिन उसे किसी प्रकार की राहत नहीं मिली।

संयुक्त टीम ने दबिश देकर किया गिरफ्तार

एसएसपी द्वारा गठित विशेष टीम, भीमताल पुलिस, SIT और SOG ने एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र के पर्यवेक्षण में लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी। सतत प्रयासों के बाद फरार आरोपी को नैनीताल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

SSP का सख्त संदेश

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में धर्मांतरण जैसे अवैध कृत्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत त्वरित और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *