उत्तराखंड

चारधाम यात्रा 2026: हेली बुकिंग फ्रॉड पर STF का बड़ा एक्शन, 180 फर्जी लिंक और 10 वेबसाइट्स बंद

मुख्यमंत्री के निर्देश पर STF का सख्त अभियान, 52 मोबाइल नंबर ब्लॉक, 147 लिंक संचालकों और 27 फर्जी मोबाइल धारकों पर केस दर्ज

देहरादून: उत्तराखण्ड में आगामी चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। Uttarakhand Special Task Force ने हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर चल रहे फर्जीवाड़े पर कड़ा प्रहार करते हुए अब तक 180 फर्जी सोशल मीडिया लिंक (फेसबुक पेज और इंस्टाग्राम अकाउंट) को टेकडाउन कराया है, जबकि 52 संदिग्ध मोबाइल नंबरों को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

 

यह कार्रवाई Pushkar Singh Dhami के निर्देशों के तहत की जा रही है, जिसमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। हर साल चारधाम यात्रा के दौरान खासतौर पर Kedarnath Temple के लिए हेलीकॉप्टर सेवा के नाम पर साइबर ठगी के मामले सामने आते हैं। ठग फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया पेज और विज्ञापनों के जरिए लोगों को झांसे में लेकर आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं।

 

इन्हीं गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF Ajay Singh के नेतृत्व में “सोशल मीडिया मॉनिटरिंग एवं एक्शन टीम” का गठन किया गया है, जो लगातार डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर नजर बनाए हुए है।

 

STF ने हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर संचालित 10 संदिग्ध वेबसाइट्स को चिन्हित कर उन्हें निष्क्रिय कराया है। साथ ही संगठित रूप से एक राज्य से जुड़े 147 लिंक संचालकों और 27 फर्जी मोबाइल धारकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

SSP STF अजय सिंह ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट www.heliyatra.irctc.co.in के माध्यम से ही करें। इसके अलावा व्हाट्सएप रजिस्ट्रेशन के लिए आधिकारिक नंबर +91-8394833833 पर “Yatra” संदेश भेजकर ही प्रक्रिया पूरी करें और किसी भी अन्य लिंक या प्लेटफॉर्म से बुकिंग करने से बचें।

 

STF ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *