उत्तराखंड

नैनीताल में पुलिस की सख्ती: 110 वाहनों पर कार्रवाई, 13 गिरफ्तार

नैनीताल, 8 अप्रैल 2026जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नैनीताल पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ा अभियान चलाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० मंजूनाथ टी०सी० के निर्देशन में चल रहे इस अभियान में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

03 अप्रैल से 07 अप्रैल 2026 के बीच चलाए गए इस अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस दौरान कुल 07 शातिर वांछित और इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 02 पेशेवर अपराधियों को गुंडा एक्ट के तहत जिला बदर किया गया है।

अभियान के तहत 484 संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। साथ ही शांति भंग और असामाजिक गतिविधियों में शामिल 111 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा BNS के तहत 01 और BNSS के तहत 06 लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई है।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। रैश ड्राइविंग, शराब पीकर वाहन चलाने, गलत नंबर प्लेट और हूटर का इस्तेमाल करने वाले 110 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। गंभीर मामलों में 31 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, जनपद के होटल, ढाबों, पब और बार पर भी पुलिस की नजर रही। कुल 243 प्रतिष्ठानों की औचक चेकिंग की गई, ताकि किसी भी अनैतिक गतिविधि पर रोक लगाई जा सके।

इस पूरे अभियान की निगरानी नोडल अधिकारी मनोज कुमार कत्याल (पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी) द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य वांछित अपराधियों की धरपकड़, अवैध गतिविधियों पर अंकुश और जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना है।

नैनीताल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस का मानना है कि जनता के सहयोग से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *